सी के पारे
कसरावद की श्रीनगर कॉलोनी में नार्मदीय ब्राह्मण समाज की महिलाओं द्वारा होली के उपलक्ष्य में पारंपरिक एवं सांस्कृतिक फाग उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन श्रीनगर स्थित महासभा अध्यक्ष राजेश बड़ोले के निवास के समीप श्री जय गजानन परिसर में संपन्न हुआ, जहां शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में राधिका की भूमिका लता अश्विन जोशी तथा कृष्ण की भूमिका स्वाति नवीन वारचे ने निभाई। “राधा ढूंढ रही किसी ने मेरा श्याम देखा” सहित अनेक फाग एवं भक्ति गीतों पर महिलाओं ने भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर श्रीमती साधना बड़ोले, श्रीमती स्नेह लता जोशी, श्रीमती मालती पटवारी, श्रीमती शोभा जोशी, श्रीमती नंदा शर्मा, श्रीमती अनिता शर्मा, श्रीमती नीता शर्मा, श्रीमती ज्योति शर्मा, श्रीमती स्वाति डोंगरे सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। फूलों की होली और गुलाल के रंगों से परिसर रंगीन नजर आया।

आयोजन के दौरान समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वरिष्ठ महिलाओं ने युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश प्रसारित किया।