इंदौर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर श्री श्री रविशंकर विधा मंदिर प्रीस्कूल द्वारा एक भव्य विज्ञान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने अपने अभिनव विज्ञान प्रयोगों का प्रदर्शन निर्णायकों एवं अभिभावकों के समक्ष बड़े आत्मविश्वास और उत्साह के साथ किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में प्रसिद्ध शिक्षाविद् रेखा सेठी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक आयु में वैज्ञानिक सोच का विकास भविष्य की सुदृढ़ नींव रखता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को जिज्ञासु बने रहने और प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मोनिका जैन ने अपने संबोधन में कहा कि कम आयु में ही वैज्ञानिक अभिरुचि और जिज्ञासा का विकास करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक गुरुवार को शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा छोटे-छोटे विज्ञान प्रयोग करवाए जाते हैं, जिससे उनका समग्र (Holistic) विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगों का मिश्रण, जल संरक्षण, चुंबकत्व, पौधों की वृद्धि तथा सरल रासायनिक अभिक्रियाओं जैसे अनेक रोचक प्रयोग प्रस्तुत किए। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपने प्रयोगों की व्याख्या भी की, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक अत्यंत प्रभावित हुए।

इस विज्ञान सम्मेलन का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता एवं रचनात्मक सोच का विकास करना था। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।