कक्षा 10 संस्कृत व 12वीं के पेपर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न, दसवीं में 103 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, स्कूल में रही सख्त चेकिंग व पुलिस तैनाती
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज में गुरुवार को आयोजित कक्षा 10वीं संस्कृत विषय की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 105 विद्यार्थियों में से 103 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
इससे एक दिन पहले बुधवार को कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें हिस्ट्री विषय में 54 तथा केमिस्ट्री विषय में 49 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों विषयों में कुल 103 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा केंद्र पर नकल रोकने व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विद्यालय परिसर में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन चेकिंग की गई। केंद्र पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर शुरू होकर सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराई जा रही है। कक्षा दसवीं में हाई स्कूल सेमरा और भारतीपुर के बच्चे भी सम्मिलित हो रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, बैठने की योजना, पेयजल, सुरक्षा एवं निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं नकल-मुक्त वातावरण में संपन्न हो सकें।
परीक्षा को नकलमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मंडल ने इस बार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल या किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री मिलने पर न सिर्फ परीक्षा निरस्त की जाएगी, बल्कि नकल प्रकरण दर्ज कर एफआईआर तक की कार्रवाई होगी।
परीक्षा शुरू होने के 5 मिनट पहले मिले प्रश्न पत्र
परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पहुंचने के बााद केंद्राध्यक्ष सुबह 8.45 बजे तक पर्यवेक्षकों को प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट वितरित किए। इसके बाद परीक्षा कक्ष में सुबह 8.50 बजे उत्तर पुस्तिकाएं (आंसर शीट) दी गई। परीक्षा शुरू होने से 5 मिनट पहले यानी 8.55 बजे प्रश्नपत्र खोलकर परीक्षार्थियों को वितरित किए गए। किसी भी स्तर पर समय में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है।