शरद शर्मा सिलवानी/बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले के सिलवानी नगर में बुधवार सुबह बरेली रोड स्थित आयशर ट्रैक्टर शोरूम की वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलते हुए वर्कशॉप में रखे ट्रैक्टरों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल डायल एक सौ बारह को सूचना दी। इसके बाद नगर परिषद सिलवानी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि इस घटना में चार नए और तीन पुराने, कुल सात ट्रैक्टर जलकर क्षतिग्रस्त हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।