– पहले गांव में फिर पुलिस चौकी में झगड़े लोग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील के गढ़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना सोमवार मंगलवार की देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार ग्राम खूजरी थाना शमशाबाद (जिला विदिशा) निवासी 23 वर्षीय शुभम सिलावट अपनी ससुराल ग्राम हिनोतिया खास आया हुआ था।
आरोप है कि रास्ते में बांसादेही तिगड्डे पर बलदेव सिलावट, मनीष सिलावट, यशपाल सिलावट और जितेंद्र सिलावट ने उसे रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद दोनों पक्ष चौकी गढ़ी पहुंच गए, जहां उनके बीच फिर फिर से कहासुनी और विवाद होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस बीच बचाव में कुछ पुलिस कर्मियों के घायल होने की अपुष्ट जानकारी भी मिली है।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने बलदेव सिलावट (50), मनीष सिलावट (24), यशपाल सिलावट (19) और जितेंद्र सिलावट (32) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।